

-राजकीय उप जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सकों के बैठने के मामले में एक पर रहम एक पर सितम वाली कहावत चरितार्थ हो रही है. अस्पताल की ओपीडी से एक डॉक्टर को हटाने का फरमान जारी कर दिया गया. जबकि जीडीएमओ (सामान्य ड्यूटी चिकित्सा अधिकारी) पूर्व की भांति ओपीडी में मरीज देख रहे हैं. यदि अस्पताल प्रबंधन समय पर ही कार्रवाई कर देता तो डॉ. अंकित गैरोला खुले में बैठकर मरीज देखकर विरोध नहीं जताते.दरअसल, उप जिला अस्पताल श्रीनगर में तैनात आपातकालीन चिकित्साधिकारी (ईएमओ) डॉ. अंकित गैरोला पिछले एक साल से ओपीडी में मरीज देख रहे थे. इसी माह ईएनटी सर्जन के आने के बाद डॉ. अंकित गैरोला को ओपीडी खाली करने के लिए कह दिया गया. इसके बाद सोमवार को वह अस्पताल के बाहर बैंच में बैठकर मरीज देखने लगे. अंकित गैरोला का कहना है कि वह जिन मरीजों को देख रहे हैं वह उनके रूटीन चेकअप वाले मरीज हैं. वहीं, अस्पताल में एक जीडीएमओ डॉ. अजय गोयल अभी भी ओपीडी में रेगुलर मरीज देख रहे हैं. उनको अस्पताल प्रबंधन ने कक्ष खाली करने को नहीं कहा गया है. जबकि ईएमओ और डीजीएमओ दोनों की ही ड्यूटी ओपीडी में रेगुलर तौर पर नहीं लगाई जाती.










