
मुजफ्फरनगर में हुई संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत के बाद किसानों ने भाजपा सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। उत्तराखंड से भी भाजपा का सूपड़ा साफ करने की चेतावनी दी गई है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर में हुई महापंचायत से ऐलान हुआ है कि आगामी विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव में भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो रवैया किसानों के साथ दिल्ली में अपनाया है वही रवैया भाजपा नेताओं के साथ अपनाया जाएगा।
आपको बता दे संयुक्त किसान मोर्चा की मुजफ्फरनगर में हुई महापंचायत के बाद किसान नेताओं ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। रूड़की में भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने मीडिया को बयान जारी करते हुए कहा कि महापंचायत से ऐलान हुआ है कि इस बार बीजेपी को सबक नही बल्कि उनका सूपड़ा साफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजी पतियों की सरकार है और इस सरकार में आम जनता पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है जिसका परिणाम मुजफ्फरनगर की महापंचायत में देखा जा चुका है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा प्रत्याशी किसानों के गांवों में आते हैं तो उनके ऊपर पानी का छिड़काव नहीं बल्कि कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा, जो व्यवहार दिल्ली में किसानों के साथ सरकार ने किया है वही व्यवहार गांव में भाजपा नेताओं के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा आगामी विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव में बीजेपी का सूपड़ा साफ करने का संकल्प महापंचायत से लिया गया है। उत्तराखंड को भाजपा मुक्त करने के लिए किसान रणनीति बना रहा है।